Connect with us

गोरखपुर

टैंकर की चपेट में आने से युवक की मौत, चालक फरार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को रफ्तार ने एक और जिंदगी छीन ली। गगहा चौराहे के पास सड़क पार कर रहे एक अज्ञात युवक को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक टैंकर समेत फरार हो गया, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क पार कर रहा था, तभी गोरखपुर से बड़हलगंज की दिशा में जा रहा एक टैंकर अचानक तेज गति से आया और उसे जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गगहा पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से युवक को गगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को अत्यंत गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी जा रही है। वह दाढ़ी रखे हुए था और हरे रंग का हाफ स्वेटर पहने था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है और आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि पहचान हो सके।

गगहा पुलिस ने बताया कि टैंकर की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संभावित रूट पर नाकेबंदी कराई गई है और वाहन की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि चालक को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि गगहा चौराहे के पास आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रभावी यातायात नियंत्रण की व्यवस्था नहीं है। एक और असमय मौत ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page