वाराणसी
शादी समारोह में जा रहे कार सवार को अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर, पांच घायल, तीन की हालत गंभीर
वाराणसी। क्षेत्र के बिहड़ा गांव (मिर्जामुराद) स्थित फ्लिपकार्ट कंपनी के सामने नेशनल हाईवे पर बुधवार को दोपहर एक सड़क दुर्घटना हो गई। प्रयागराज की ओर से वाराणसी की तरफ जा रही बोलेरो कार में पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने बगल से जोरदार साइड मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पांच लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचन्द्र यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकलवाया गया और इलाज के लिए भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित ट्रॉमा सेंटर भेजकर भर्ती कराया गया, जहां तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में आगरा जिले के बरैन गांव निवासी दीपक, पिंककल, सुनील, दिनेश सहित कुल पांच लोग शामिल हैं। सभी लोग आगरा से कार द्वारा वाराणसी के रामनगर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाइवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। वहीं अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी गई है। चौकी प्रभारी ने बताया कि घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
