मिर्ज़ापुर
नगर पालिका ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
भारत माता के जयकारों से गूंजा मीरजापुर, घर-घर तिरंगा फहराने की अपील
मीरजापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को गति देने के लिए बुधवार को नगर पालिका परिषद मीरजापुर की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी के नेतृत्व में निकली यात्रा में सभासदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की।

देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर
तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह नगरवासियों ने यात्रा का स्वागत किया।

घर-घर तिरंगा लगाने की अपील
यात्रा के दौरान नगरवासियों को 15 अगस्त पर अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति की भावना मजबूत करने का माध्यम है।
इस अवसर पर ईओ जी. लाल, नगर अध्यक्ष डॉली अग्रहरि समेत विभिन्न वार्डों के सभासद, नगर पालिका अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
