आजमगढ़
अजमतगढ़ में उमड़ा तिरंगे का सैलाब
भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर
हजारों लोगों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर अर्पित किए पुष्प
सगड़ी/आजमगढ़। भाजपा अजमतगढ़ मंडल के तत्वावधान में बुधवार को ब्लॉक अजमतगढ़ परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए, जिससे पूरा अजमतगढ़ नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
शहीदों और महापुरुषों को किया नमन
यात्रा से पूर्व ब्लॉक परिसर स्थित अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद यात्रा शंकर जी तिराहा और अजमतगढ़ बाजार पहुंची, जहां बजरंगबली की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए यात्रा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोगा-भीखी साव की प्रतिमा तक पहुंची, जहां माल्यार्पण कर यात्रा का समापन हुआ।
राष्ट्रहित को बताया सर्वोपरि
यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देना है। तिरंगे के नीचे सभी एक हैं और राष्ट्रहित सर्वोपरि है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता मनीष कुमार मिश्रा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की बड़ी भागीदारी ने यात्रा को भव्य बना दिया। मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में दिवाकर सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, डॉ. ओंकार राय, सौरभ श्रीवास्तव, चंदा सिंह, राजबहादुर सिंह, प्रेमभूषण सिंह, टप्पू सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, महावीर सिंह, अनुराग मिश्रा, अमित राय, विपिन सिंह उर्फ रिंकू सिंह, अरविंद सिंह, परितोष जायसवाल, विवेकानंद सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
