आजमगढ़
तिरंगे की शान में उमड़ा सरायमीर, जयघोष से गूंजा नगर
भाजपा की तिरंगा यात्रा में बच्चों, युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
सरायमीर (आजमगढ़)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को भाजपा के तत्वावधान में सरायमीर नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
रामलीला मैदान से निकली यात्रा
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सरायमीर रामलीला मैदान से हुआ। यात्रा मवेशी खाना, डाकखाना रोड, महाजनी टोला चौक, पुराना थाना, सब्जी मंडी, ठठेरी बाजार और मेन रोड होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रास्ते में नगरवासियों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।
तिरंगा एकता और गौरव का प्रतीक
भाजपा मंडल अध्यक्ष राम भुवन मौर्य ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने का संदेश दिया जा रहा है।
यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था की। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अजय यादव, जिला मंत्री शैलेश प्रजापति, यात्रा संयोजक राजेश यादव, सहसंयोजक उमेश यादव, श्रीनाथ प्रजापति, हरिश्चंद्र यादव, दुर्गेश राय, राहुल प्रजापति, अमृत लाल गुप्ता, राहुल चौहान, दशरथ गौतम, सभासद बंटी गुप्ता, अमन गुप्ता, श्याम बाबू गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
