गाजीपुर
भांवरकोल में गूंजी ‘वंदे मातरम’ की गूंज
शहीद स्मारक तक निकली तिरंगा यात्रा
ब्लॉक परिसर से पंडितपुरा तक मोटरसाइकिल रैली, शहीद जयप्रकाश यादव को दी श्रद्धांजलि
भांवरकोल (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बुधवार को भांवरकोल विकासखंड में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ब्लॉक परिसर से शुरू हुई मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पंडितपुरा स्थित शहीद स्मारक पहुंची। यहां अमर शहीद जयप्रकाश यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
भारत माता की जय और वंदे मातरम से गूंजा क्षेत्र
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद और एडीओ पंचायत एवं नोडल अधिकारी अजय मिश्रा ने किया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले अधिकारी, कर्मचारी और अन्य प्रतिभागी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। रास्तेभर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया एकता का संकल्प
यात्रा में ब्लॉक कार्यालय एवं फील्ड स्टाफ के साथ सभी पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, सफाईकर्मी, तकनीकी सहायक और अवर अभियंता समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
शहीद स्मारक पर पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों ने अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी ली गई।
शहीदों के बलिदान को याद करने का संदेश
आयोजन का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करना रहा। तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
