Connect with us

गाजीपुर

जर्जर रास्ते से पशु चिकित्सालय पहुंचना मुश्किल, बरसात में बढ़ी परेशानी

Published

on

Loading...
Loading...

70 से 180 मीटर पहले रुक जाते हैं सरकारी वाहन, दवा और जरूरी सामान ढोकर ले जाने की मजबूरी

सिधौना (गाजीपुर)। राजकीय पशुचिकित्सालय सिधौना तक पहुंचने वाला संपर्क मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। बरसात के मौसम में रास्ते पर कीचड़ और फिसलन बढ़ जाने से चिकित्सक, पशुपालक और सरकारी वाहनों को अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। इसका असर चिकित्सालय की नियमित व्यवस्था पर भी पड़ रहा है।

चिकित्सालय से पहले रुक जाते हैं वाहन

पशुचिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्र पांडे ने बताया कि दवा और अन्य आवश्यक सामग्री लेकर आने वाले सरकारी वाहन खराब रास्ते के कारण कई बार चिकित्सालय तक नहीं पहुंच पाते। कभी वाहन चिकित्सालय से करीब 70 मीटर पहले खड़ंजे पर, तो कभी मुख्य सड़क पर करीब 180 मीटर दूर रोकना पड़ता है। इसके बाद दवाओं और सामग्री को अस्पताल तक पहुंचाने में अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है।

बाइक से आने में भी दुर्घटना का खतरा

डॉ. पांडे ने बताया कि वह स्वयं बाइक से चिकित्सालय आते हैं, लेकिन बरसात में रास्ते पर फिसलन के कारण कई बार दुर्घटना होते-होते बची है। ऐसे में चारपहिया वाहनों के लिए रास्ते से चिकित्सालय तक पहुंचना और भी मुश्किल हो जाता है।

Advertisement

अधिकारियों से पहले भी की जा चुकी है मांग

उन्होंने बताया कि करीब तीन माह पहले सिधौना में आयोजित ग्राम चौपाल में समस्या को सीडीओ गाजीपुर आलोक प्रसाद के सामने रखा गया था। इसके अलावा एसडीएम सैदपुर ज्योति चौरसिया से भी मार्ग दुरुस्त कराने का आग्रह किया गया था। अधिकारियों की ओर से समाधान का आश्वासन मिला, लेकिन अभी तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

स्थानीय लोगों और चिकित्सालय प्रशासन ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से मामले का संज्ञान लेकर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। रास्ता दुरुस्त होने से दवाओं की आपूर्ति सुचारु होने के साथ चिकित्सक, पशुपालक और आम लोगों को भी आवागमन में राहत मिलेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page