वाराणसी
संत रविदास जयंती को लेकर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, कई मार्गों पर डायवर्जन लागू
वाराणसी। संत रविदास जयंती के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह व्यवस्था 30 जनवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से लागू होकर 1 फरवरी 2026 की रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
जारी निर्देशों के अनुसार भगवानपुर मोड़ से संत रविदास मंदिर की ओर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और ऐसे वाहनों को नगवा अथवा मालवीय गेट की दिशा में मोड़ दिया जाएगा। इसी तरह रमना चौकी तिराहा से संत रविदास मंदिर तिराहा की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी और यातायात को डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
संत रविदास मंदिर तिराहा से मंदिर की दिशा में वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, यहां से आने वाले वाहनों को रमना चौकी तिराहा एवं भगवानपुर की ओर मोड़ा जाएगा। मारुति नगर तिराहा से भगवानपुर, संत सरवनदास यात्री निवास की दिशा में भी किसी प्रकार के वाहन को जाने नहीं दिया जाएगा। वहीं लोटूबीर अंडरपास चौराहे से कार्यक्रम से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का मंदिर की ओर जाना वर्जित रहेगा और उन्हें नुवाव चौराहा की ओर भेजा जाएगा।
शहर के भीतर बसों के संचालन के लिए भी विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। रामनगर चौराहा से वाराणसी की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहन सामनेघाट पुल की ओर नहीं जाएंगे, बल्कि रामनगर चौराहा से टेंगरा मोड़ होते हुए एनएच-19 के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे। सामनेघाट पुल पश्चिमी से नगवा चौकी की ओर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी और उन्हें हरसेवानंद कॉलेज की दिशा में मोड़ दिया जाएगा।
रविदास गेट से थाना लंका एवं नगवा चौकी की ओर किसी भी प्रकार के वाहन को जाने नहीं दिया जाएगा और सभी वाहन मालवीय गेट चौराहा की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। अमेठी कोठी तिराहा से रविदास घाट की दिशा में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और यातायात को रविदास गेट अथवा नगवा चौकी की ओर मोड़ा जाएगा। नगवा चौकी से भगवानपुर मोड़ की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा और उन्हें सामनेघाट की ओर भेजा जाएगा।
नरिया तिराहा से बीएचयू चौराहा की दिशा में किसी भी वाहन को अनुमति नहीं होगी, ऐसे वाहन करौंदी होते हुए नुवाव अंडरपास एवं भिखारीपुर तिराहा के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे। इसके अलावा एनएच-19 के समीप पुराने रमना पुलिस चौकी के डायवर्जन स्थल से कार्यक्रम से संबंधित बसों को छोड़कर अन्य सभी बसों को अमरा अखरी अथवा टेंगरा मोड़ की ओर मोड़ दिया जाएगा।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित मार्गों का पालन करते हुए सहयोग करें, जिससे संत रविदास जयंती कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। यह जानकारी अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा जारी की गई है।
