Connect with us

राज्य-राजधानी

जीवित लड़की को मृत दिखाकर खाद्यान्न विभाग ने राशन कार्ड से काट दिया नाम

Published

on

Loading...
Loading...

डीएम से की शिकायत

संतकबीरनगर। जनपद के सेमरियावा ब्लॉक अंतर्गत तेनुहारी अव्वल गांव निवासी महेंद्र सिंह ने जिला पूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया है। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय जाकर पूरे मामले को लेकर एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

महेंद्र सिंह का आरोप है कि पूर्ति कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने बिना किसी सत्यापन के उनकी जीवित पुत्री को कागजी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया, जिसके चलते उसका नाम परिवार के राशन कार्ड से काट दिया गया। पीड़ित ने बताया कि उनकी पुत्री पूरी तरह स्वस्थ है और नियमित रूप से विद्यालय जाकर पढ़ाई कर रही है। इसके बावजूद सरकारी अभिलेखों में उसे मृत दिखाया जाना न केवल गंभीर लापरवाही है, बल्कि इससे पूरे परिवार को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राशन कार्ड से नाम कट जाने के कारण परिवार को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। महेंद्र सिंह ने बताया कि कई बार पूर्ति कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे मजबूर होकर उन्हें जिलाधिकारी से शिकायत करनी पड़ी।

पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी पुत्री का नाम तत्काल राशन कार्ड में पुनः दर्ज कराया जाए, ताकि परिवार को मिल रही राशन संबंधी सुविधाएं बहाल हो सकें। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर क्षेत्रवासियों की भी नजर बनी हुई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page