गाजीपुर
डिम्पल यादव के जन्मदिन पर करण्डा में सपा का सेवा-संकल्प, पीडीए एकजुटता का दिया गया संदेश
गाजीपुर। करण्डा ब्लॉक में समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव के जन्मदिन को सेवा और सामाजिक समरसता के रूप में मनाया। ग्राम सभा कटारिया में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद और असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए और लड्डू-खिचड़ी प्रसाद के रूप में बांटी गई, जिससे पूरे इलाके में सहयोग और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।
आयोजन करण्डा ब्लॉक अध्यक्ष रामआशीष यादव के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।कार्यक्रम में समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव और विधानसभा प्रभारी पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने पीडीए समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ही पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज को मजबूती से उठाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ जुटने की अपील की।
आयोजन में सदर विधायक जय किशन साहू मुख्य अतिथि रहे, जबकि यादव महासभा और पिछड़ा दलित विकास महासंघ के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने सामाजिक न्याय और राजनीतिक जागरूकता पर विचार रखे। कंबल वितरण का कार्य इस्लामवाद के प्रधान रामज्ञान सिंह यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ और डिम्पल यादव के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना के साथ सामूहिक प्रार्थना भी की गई।सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया।
गायक रजनीकांत की प्रस्तुतियों पर लोग झूमते नजर आए और आयोजन पूरी तरह समाजवादी रंग में रंग गया। मंच संचालन अनिल यादव ने किया, जबकि रवि यादव, सिंहासन यादव, अवधेश यादव, रामकेवल यादव, रमेश गौड़, उपेन्द्र यादव, हरिकेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पीडीए समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामाजिक सेवा और संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
