गोरखपुर
बिजली बिल में छूट, जागरुकता रैली निकाल उपभोक्ताओं को किया गया जागरुक
गोरखपुर। विद्युत उपकेंद्र गंगटही द्वारा कटसहरा बाजार में बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को बिजली बिल राहत योजना का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत विभाग की टीमें जगह-जगह पहुंचकर लोगों को जानकारी दे रही हैं कि वे अपने बकाया बिजली बिल पर सरचार्ज से पूरी तरह छूट और मूलधन पर 25 प्रतिशत तक की छूट प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग के अनुसार, यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए है जिनके बिजली बिल में बकाया राशि चल रही है। योजना की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तय की गई है। इसके अंतर्गत उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के अन्दर अपने बकाया बिल का भुगतान करने पर आर्थिक राहत दी जाएगी।
जागरूकता बढ़ाने के लिए बिजली विभाग द्वारा मंगलवार को कटसहरा बाजार में रैली निकाल पोस्टर-बैनर लगाकर लोगों को योजना के लाभों की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को राहत योजना से जोड़ना और उन्हें समय पर भुगतान के लिए प्रेरित करना है।
जन जागरण जागरुकता रैली में मुख्य रूप से अवर अभियंता राजेश मौर्य, लाइनमैन जगन्नाथ, बृजेश कुमार, राघवेंद्र, जितेंद्र कुमार, दिनेश प्रजापति, विशाल, पवन गुप्ता सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
