Connect with us

मऊ

मऊ में जिला उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न

Published

on

Loading...
Loading...

उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण का दिया गया आश्वासन

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन ने पिछले माह हुई बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की जानकारी दी और विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की। जनपद में निवेश को लेकर अब तक कुल 121 निवेश प्रस्तावों को स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिसमें 27153.94 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश तथा 26265 लोगों को रोजगार देने की संभावना है।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जनपद को 123 भौतिक और 238 लाख रुपये वित्तीय लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें से अब तक 25 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं, 13 स्वीकृत हुए हैं और 15 पर वितरण की कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत 33 भौतिक और 99 लाख रुपये वित्तीय लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें 9 आवेदन भेजे गए हैं, 7 स्वीकृत हुए हैं और 3 पर वितरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत 2700 का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें से 1497 आवेदन बैंकों को भेजे गए हैं। इनमें से 482 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं और 360 पर वितरण की कार्रवाई हो चुकी है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 775 लाभार्थियों का लक्ष्य था, जिनका साक्षात्कार पूर्ण कर लिया गया है और अब जल्द ही प्रशिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के अधिकतम आवेदन लिए जाएं और उनका भौतिक सत्यापन कर समय पर लाभ पहुंचाया जाए। बी-9 औद्योगिक क्षेत्र में 33000 वोल्ट बिजली लाइन की शिफ्टिंग के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि बजट उपलब्ध होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में नालों की सफाई पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को निर्देश दिया कि बरसात से पहले नालों की पूरी सफाई सुनिश्चित कर लें। सहादतपुरा औद्योगिक क्षेत्र की स्टांप दर रुपये 8000 प्रति वर्ग मीटर से घटाकर 5600 करने के प्रस्ताव पर भी बैठक में विचार-विमर्श हुआ।

Advertisement

ताजोपुर में विद्युत सब स्टेशन के निर्माण हेतु अधिशासी अभियंता ने बताया कि भूमि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उद्यमी श्रीराम जायसवाल ने जानकारी दी कि औद्योगिक क्षेत्र की दीवार गिर जाने से अवैध वाहन क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं जिससे परेशानी उत्पन्न हो रही है।प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी उमाशंकर ओमर ने बताया कि टीसीआई मोड़ से ढेकुलिया घाट तक बांध रोड, रौजा बाजार से सदर चौक और सब्जी मंडी से आर्य समाज मंदिर तक की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिनकी मरम्मत अति आवश्यक है।

वलीदपुर में बैंक शाखा की अनुपस्थिति से उद्यमियों को समस्याएं हो रही हैं, वहां बैंक शाखा की स्थापना की मांग की गई। इसके अलावा वनदेवी माता धाम तक जाने वाली सड़क और कोपागंज से कसारा तक की सड़क की मरम्मत की आवश्यकता पर भी ध्यान दिलाया गया।

जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, क्षेत्राधिकारी नगर अंजनी कुमार पांडे, लीड बैंक मैनेजर अनिल सिन्हा समेत कई उद्यमी मौजूद रहे।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page