Connect with us

गाजीपुर

बहरियाबाद में गूंजे देशभक्ति के नारे, भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

Published

on

बहरियाबाद (गाजीपुर)। भारतीय सेना के पराक्रम और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के सम्मान में रविवार को बहरियाबाद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पुलिस सहायता केंद्र से शुरू होकर कबीर चौक, सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज होते हुए पानी टंकी त्रिमुहानी पर जाकर सम्पन्न हुई। यात्रा का नेतृत्व भाजपा सादात उत्तरी मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह सोनू ने किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “हिंदुस्तान जिंदाबाद”, “सेना अमर रहे” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। ग्रामीणों ने अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर सेना और तिरंगे को सम्मान अर्पित किया। यात्रा में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों पर कदम से कदम मिलाए।

इस मौके पर पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभाता नजर आया। यात्रा में अनुशासन और शांति व्यवस्था की मिसाल भी देखने को मिली।

Advertisement

त्रिमुहानी पर आयोजित सभा में भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि “तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यह देशप्रेम की भावना को जगाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का माध्यम है।” उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जाति, धर्म, भाषा से ऊपर उठकर हर भारतीय को एक सूत्र में जोड़ती है और वीर जवानों के सम्मान का प्रतीक बनती है।

सभा में जिला महामंत्री दया शंकर पांडेय, हरिकेश सिंह, भानु प्रताप सिंह, दिनेश सिंह सिंटू, उदयभान (पूर्व सैनिक), महेंद्र चौहान, शिवपूजन चौहान, महेश गुप्ता, राजू मद्धेशिया, राजेश राजभर, अशोक पांडे, नरेंद्र मौर्य, अमन बहरियाबादी, सोनू सिंह, अंकुर सिंह, मनीष यादव, रामराज बनवासी, उमेश पाल समेत अनेक भाजपा कार्यकर्ता व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया कि देश की एकता, अखंडता और वीर सैनिकों के सम्मान में भारत का हर नागरिक एकजुट है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa