Connect with us

गाजीपुर

सादात रेलवे स्टेशन पर पेयजल संकट गहराया, हैंडपंप खराब होने से यात्री परेशान

Published

on

सादात (गाजीपुर)। भीषण गर्मी में जब हर कोई राहत की तलाश में होता है, सादात रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। प्लेटफार्म संख्या एक पर ओवरब्रिज के नीचे लगा हैंडपंप कई दिनों से खराब पड़ा है। यह हैंडपंप यात्रियों के लिए पानी का प्रमुख स्रोत था, लेकिन इसके खराब हो जाने से अब लोग स्टेशन परिसर में इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।

प्लेटफार्म संख्या दो की स्थिति भी चिंताजनक है। वहां भी पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों को इस संकट का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों की मानें तो पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा की अनुपलब्धता से उनकी यात्रा और भी कठिन हो गई है।

स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार रेलवे अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय उदासीनता से परेशान यात्रियों ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में पानी जैसी जरूरी सुविधा की कमी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब हैंडपंप की मरम्मत करवाई जाए और स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्मों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa