गाजीपुर
28 वर्षों की सैन्य सेवा के बाद सूबेदार राजीव सिंह सेवानिवृत्त
खालिसपुर पहुंचने पर ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों ने किया भव्य स्वागत
अनुशासन और समर्पण से भारतीय सेना एवं जनपद का नाम किया गौरवान्वित
गाजीपुर। भारतीय सेना में करीब 28 वर्षों तक राष्ट्र सेवा करने के बाद जनपद गाजीपुर के जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा खालिसपुर निवासी सूबेदार राजीव सिंह (AOC) सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। 13 जुलाई 1998 को भारतीय सेना में भर्ती हुए सूबेदार राजीव सिंह ने 2 अगस्त 2026 को अपनी गौरवपूर्ण सैन्य सेवा पूरी की।
गांव पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
सेवानिवृत्ति के बाद गांव आगमन पर ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने माल्यार्पण कर और अंगवस्त्र भेंट कर उनके सैन्य योगदान का सम्मान किया।
इस अवसर पर कैप्टन उमाशंकर यादव, सूबेदार मेजर रविन्द्र यादव, लेफ्टिनेंट रविन्द्र यादव, सूबेदार रामविलास यादव, सूबेदार चन्द्रमा यादव, सूबेदार राकेश यादव, हवलदार महातिम अहीर, यमुना सिंह, कमांडो धीरेंद्र यादव, पूर्वांचल मीडिया प्रभारी अनिल यादव, संतोष यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सैन्य सेवा को बताया प्रेरणादायक
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सूबेदार राजीव सिंह ने अपने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से भारतीय सेना के साथ-साथ गाजीपुर जनपद और खालिसपुर गांव का गौरव बढ़ाया है। उनका सैन्य जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी।
परिवार और संगठन ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर उनकी पत्नी श्रीमती सारिका सिंह (प्रधानाचार्य) और पुत्र कार्तिक एवं सार्थक भी मौजूद रहे। सभी ने सूबेदार राजीव सिंह के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की।
शौर्य सैनिक संगठन की ओर से भी सूबेदार राजीव सिंह को सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्ति पर बधाई देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।
