गाजीपुर
सेवा संकल्प शिविर में योजनाओं का मिला लाभ, 24 किसानों की समस्याओं का निस्तारण
जमानियां ब्लॉक सभागार में दूसरे दिन लगा शिविर, स्वास्थ्य जांच के साथ स्वयं सहायता समूहों ने लगाई उत्पाद प्रदर्शनी
किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान
जमानियां। स्थानीय विकासखंड सभागार में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के दूसरे दिन विभिन्न जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया गया। कृषि विभाग ने पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित 24 पात्र किसानों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया।
महिलाओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
मातृत्व सुरक्षा के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन और पात्रता जांच की भी व्यवस्था रही।
एक स्थान पर मिल रही योजनाओं की जानकारी
बीडीओ महेंद्र यादव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस दौरान प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, एडीओ पंचायत उमेंद्र प्रताप सिंह, एडीओ आईएसबी दिग्विजय नाथ, एडीओ समाज कल्याण पीयूष दूबे समेत अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
