Connect with us

वाराणसी

सौरभ हत्याकांड: वर्चस्व की रंजिश में कनपटी में सटाकर मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

Published

on

Loading...
Loading...

पिंडरा (वाराणसी)। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में शुक्रवार रात करीब 9 बजे वर्चस्व की रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। गांव के 24 वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ बंटी को कुछ मनबढ़ युवकों ने फोन कर घर के बाहर बुलाया और कनपटी में पिस्टल सटाकर गोली मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सौरभ के घर के बाहर गोली चलने की आवाज सुनकर उनके पिता सर्वेश कुमार सिंह उर्फ लालू बाहर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सौरभ खून से लथपथ जमीन पर गिरा पड़ा है, जबकि हमलावर मौके से फरार हो रहे थे।

परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के ही हरिओम, अवनीश सिंह उर्फ बबलू, रिशु सिंह, गोलू सिंह और राजेश सिंह ने दो बाइक से आकर वारदात को अंजाम दिया और बजरंग नगर की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही सिंधोरा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सौरभ को तत्काल मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि आरोपियों से पुरानी रंजिश चल रही थी। इससे पहले 31 जून को भी आरोपियों द्वारा घर में घुसकर मारपीट किए जाने की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।

मृतक सौरभ तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और उसकी शादी आगामी 2 दिसंबर को तय थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Advertisement

वहीं, एसीपी प्रशांत सिंह ने मामले को आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई बताया है तथा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page