वाराणसी
ट्रैक्टर से दुकान तोड़ने का आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद
पिंडरा (वाराणसी)। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए फूलपुर पुलिस ने ट्रैक्टर से दुकान तोड़े जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शुक्रवार को वांछित आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष पाण्डेय उर्फ दल्लू उर्फ सोनू (39 वर्ष) निवासी पिंडरा बाजार के रूप में हुई है। उसे पिंडरा बाजार क्षेत्र से पकड़ा गया।
मामला 29/30 जून की रात का है, जब त्रिलोकी नाथ चौरसिया की दुकान को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना के बाद इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपी फरार चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका पीड़ित से भूमि विवाद चल रहा था, जिसके चलते रंजिश में उसने ट्रैक्टर से दुकान में टक्कर मारकर उसे नुकसान पहुंचाया। वारदात के बाद वह ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया था और बाद में उसे सड़क किनारे छोड़ दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्वराज ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
