वाराणसी
यूपी टीईटी के बाद परीक्षार्थियों की मददगार बनी वाराणसी पुलिस, ट्रैफिक संभाल सुरक्षित पहुंचाया गंतव्य तक
वाराणसी। यूपी टीईटी परीक्षा के दूसरे दिन परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर में बढ़े यातायात दबाव के बीच ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस परीक्षार्थियों के लिए सहारा बनी। अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालकर जाम खुलवाया और अभ्यर्थियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर अमित सिंह और पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर डटे रहे। उन्होंने यातायात को सुचारु कराया तथा परीक्षार्थियों को टेंपो और अन्य सार्वजनिक वाहनों में बैठाकर बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन तक भेजने की व्यवस्था कराई।
पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल से बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिली। मौके पर मौजूद लोगों ने भी ट्रैफिक पुलिस के इस सहयोगात्मक प्रयास की सराहना की।
