गाजीपुर
सीबीएसई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एस.एस. देव पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
मिथिलेश यादव ने जीता रजत पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन; अभय यादव ने कांस्य पदक किया अपने नाम
28 जिलों के 148 विद्यालयों के बीच खिलाड़ियों ने लहराया परचम, विद्यालय पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
जमानिया (गाजीपुर)। क्षेत्र के हेतिमपुर स्थित एस.एस. देव पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 21 से 26 जुलाई तक वाराणसी के सारनाथ स्थित एम.एल. पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में 28 जिलों के करीब 148 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें विद्यालय के छात्र पदक जीतने में सफल रहे।

मिथिलेश ने जीता रजत, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
अंडर-14 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में विद्यालय के छात्र मिथिलेश यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है, जिससे विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अभय यादव ने कांस्य पदक पर जमाया कब्जा
अंडर-17 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में विद्यालय के छात्र अभय यादव ने कड़े मुकाबले के बीच कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। दोनों खिलाड़ियों की सफलता में विद्यालय के एथलेटिक्स कोच शानू के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यालय में खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा एवं प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा ने विजेता खिलाड़ियों और कोच शानू का माल्यार्पण कर तथा मिठाई खिलाकर सम्मान किया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रबंधन ने जताया गर्व
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी मिथिलेश यादव उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
