गाजीपुर
मॉर्निंग वॉक पर निकली रिटायर्ड शिक्षिका से बदमाशों ने लूटी सोने की चेन
रौजा की कॉलोनी में सुबह-सुबह वारदात, बाइक सवार बदमाश 12 ग्राम की चेन छीनकर फरार
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, महिलाओं में दहशत का माहौल
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के चंद्रशेखर नगर कॉलोनी (रौजा) में सोमवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने एक रिटायर्ड शिक्षिका से सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 85 वर्षीय माया सिंह सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे घर के बाहर टहलते हुए फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान एक युवक पैदल उनके पास पहुंचा। कुछ ही देर बाद एक मोटरसाइकिल वहां आकर रुकी। बाइक देखते ही युवक ने माया सिंह के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने के बावजूद बदमाश करीब 12 ग्राम वजन की चेन लूटकर अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद कॉलोनी के लोगों, खासकर महिलाओं में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
शहर कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि चेन स्नैचिंग की सूचना पर मुकदमे की कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
