Connect with us

राज्य-राजधानी

सीएम योगी ने हिंदूजा फाउंडेशन की पुस्तक का किया विमोचन

Published

on

Loading...
Loading...

लखनऊ। 110 वर्ष पुराने हिंदूजा समूह की परोपकारी संस्था हिंदूजा फाउंडेशन द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘अर्ली नॉर्थ इंडिया एंड इट्स कॉइनेज’ का विमोचन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में प्रकाशित इस महत्वपूर्ण कृति के विमोचन समारोह में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, हिंदूजा फाउंडेशन के ट्रस्टी प्रकाश पी. हिंदूजा, अध्यक्ष अशोक पी. हिंदूजा सहित अनेक विद्वान, इतिहासकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास को समझना और उसका संरक्षण करना राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने इस पुस्तक को प्रारंभिक उत्तर भारत के आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक जीवन को समझने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह कृति न केवल भारत की समृद्ध विरासत को उजागर करती है, बल्कि विश्व इतिहास में भारतीय सभ्यता के योगदान को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत करती है।

हिंदूजा फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक पी. हिंदूजा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुस्तक और लखनऊ के संग्रहालय में सिक्कों के सार्वजनिक प्रदर्शन की योजना भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक आक्रमणों के कारण भारत की अनेक अमूल्य धरोहरें नष्ट हुईं, ऐसे में हिंदूजा फाउंडेशन अपने संग्रह और इस प्रकाशन के माध्यम से विरासत को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

फाउंडेशन के सीईओ रमन कल्याणकृष्णन ने कहा कि यह प्रकाशन उत्तर भारत की प्राचीन सभ्यताओं से जनता को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। सिक्कों के प्रदर्शन से शोधकर्ताओं, छात्रों और आम नागरिकों को इतिहास से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

यह पुस्तक 300 ईसा पूर्व से 300 ईस्वी तक के उत्तर भारतीय क्षेत्र के सिक्कों का विस्तृत दस्तावेजीकरण करती है। इतिहासकार देवेंद्र हांडा द्वारा लिखित इस ग्रंथ में 850 से अधिक सिक्कों को शामिल किया गया है, जो मौर्य काल के बाद के स्वदेशी सिक्कों का देश का सबसे बड़ा प्रलेखित और सचित्र संग्रह है। इसमें मथुरा, कन्नौज, पांचाल, कौशाम्बी सहित उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान जैसे क्षेत्रों के विभिन्न राज्यों, जनजातियों और साम्राज्यों के सिक्कों का विस्तार से वर्णन किया गया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page