वाराणसी
सर्राफा बाजार की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, एसीपी ने किया पैदल निरीक्षण
27 किलो चांदी की टप्पेबाजी के बाद संवेदनशील स्थान किए चिह्नित, चौक पुलिस को पिकेट ड्यूटी लगाने के निर्देश
वाराणसी। गोविंदपुरा सर्राफा बाजार में बीते 16 जुलाई को हुई 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की घटना के बाद सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है। शुक्रवार को एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने सर्राफा बाजार का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करते हुए चौक थाना प्रभारी को पिकेट ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
घटना के बाद वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी से मुलाकात कर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वारदात के शीघ्र खुलासे की मांग की थी।
इसी क्रम में एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी शुक्रवार को ठठेरी बाजार, सुड़िया, रेशम कटरा और मच्छरहट्टा फाटक होते हुए गोविंदपुरा पहुंचे। उन्होंने रास्ते में सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस अधिकारियों को बाजार क्षेत्र में सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ के प्रतिष्ठान पर एसीपी ने व्यापारियों से बातचीत कर 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की घटना के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के खुलासे के लिए प्रयासरत है और कोशिश है कि सोमवार तक घटना का पर्दाफाश किया जाए।
व्यापारियों ने बाजार में नियमित पुलिस गश्त और पिकेट व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग भी रखी, जिससे कारोबारी और ग्राहक सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें।
इस दौरान रवि सर्राफ, पंकज सर्राफ, राघव दवे, जतिन रस्तोगी, राजा सेठ, किशोर सेठ, अमनदीप सिंह, कमल कुमार सिंह, जय किशन सिंह, सुनील सेठ, विवेक अग्रवाल और किशन सेठ सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
