गोरखपुर
सरकारी भूमि से कब्जा हटाने गई राजस्व टीम पर हमला
7 नामजद समेत 15 अज्ञात पर केस
अतिक्रमण हटाने के दौरान मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
गोला बाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम चाड़ी में सरकारी बंजर भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम पर कथित हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने सात नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
राजस्व लेखपाल मनीष कुमार यादव की तहरीर के अनुसार, उपजिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर में जयहिंद, श्यामलाल, अरुण, सुशीला देवी, गिरजावती देवी और सुजीत समेत अन्य लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और राजस्व कर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना में लेखपाल मनीष कुमार यादव और टीपू राय को हल्की चोटें आईं। मौके पर राजस्व निरीक्षक पृथ्वीनाथ गुप्ता, लेखपाल सोनू कुमार और नायब तहसीलदार बालचंद चौहान भी मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, पुलिस बल के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में लेखपाल की तहरीर पर बीएनएस की धारा 191(2), 223, 329(3), 132, 121(1), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी सी.पी. पांडेय ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
