Connect with us

भदोही

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण, दूसरे चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल

Published

on

Loading...
Loading...

करीब 3,600 प्रगणक घर-घर करेंगे गणना, 550 पर्यवेक्षकों को सौंपी जाएगी निगरानी की जिम्मेदारी

भदोही। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों की प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारु रूप से संपन्न कराने, कार्मिकों के प्रशिक्षण और प्रत्येक परिवार व व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इससे पहले 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) का अवसर मिलेगा। इसके तहत नागरिक निर्धारित पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार और सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कर सकेंगे।

पूछे जाने वाले प्रश्नों में नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, विवाह के समय आयु, पति या पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति/जनजाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और शैक्षिक स्तर जैसी जानकारियां शामिल होंगी। इसके अलावा रोजगार, व्यवसाय, उद्योग, कार्यस्थल तक आवागमन, जन्म स्थान, पिछला निवास और वर्तमान निवास की अवधि से संबंधित विवरण भी लिए जाएंगे।

निर्धारित प्रपत्र के अनुसार कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट आदि से संबंधित प्रश्न भी शामिल किए गए हैं। परिवार की मातृभाषा के रूप में हिंदी अथवा भोजपुरी दर्ज किए जाने का प्रावधान भी बताया गया।

Advertisement

जनपद में करीब 3,600 प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे, जबकि करीब 550 पर्यवेक्षक निगरानी करेंगे। कार्मिकों के प्रशिक्षण के लिए दो मास्टर ट्रेनर और 60 फील्ड ट्रेनर की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्मिकों को जनगणना प्रक्रिया, प्रपत्र और डिजिटल माध्यम की जानकारी गुणवत्तापूर्वक दी जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें समन्वय, शुद्धता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। बेघर व्यक्तियों की भी गणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण कार्यशाला जनगणना निदेशालय के ट्रेनर पंकज सिंह ने कराई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, जिला जनगणना अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page