Connect with us

गाजीपुर

सब्बलपुर हत्याकांड: तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली

Published

on

Loading...
Loading...

नामजद आरोपी अब तक फरार

जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कलां गांव में बाइक मैकेनिक विजय उर्फ भोला बिंद (26) की चाकू से गोदकर की गई हत्या के मामले में तीसरे दिन भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी। नामजद आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जबकि उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

शनिवार देर रात हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच में कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी, सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम भी जुटी हुई है। पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि मंगलवार तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

मृतक की माता निर्मला देवी और मौसी उषा देवी ने बताया कि विजय उर्फ भोला बिंद का अंतिम संस्कार नगर के बलुआ घाट पर किया गया, जहां उसके पिता भरत राम बिंद ने मुखाग्नि दी। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

मामले को लेकर पुलिस पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दबाव बढ़ता जा रहा है। परिजनों ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Advertisement

इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक अंकित तिवारी ने बताया कि पुलिस की जांच सही दिशा में चल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं और जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page