गाजीपुर
घरेलू खर्च न देने और जान से मारने की धमकी का आरोप
पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव की एक विवाहिता ने अपने पति पर घरेलू खर्च न देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता चंदा गुप्ता का आरोप है कि उसके पति सौरभ गुप्ता न तो घर के खर्च के लिए पैसे देते हैं और न ही खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराते हैं। जब वह घरेलू खर्च के लिए पैसे मांगती है तो उसके साथ मारपीट की जाती है और गाली-गलौज कर प्रताड़ित किया जाता है।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि परिवार का भरण-पोषण करने के लिए जब वह मजदूरी या अन्य कार्य करने जाती है, तब भी उसका पति वहां पहुंचकर उसके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट करता है। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है।
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
