गोरखपुर
सगाई के बाद युवक दूसरी युवती संग फरार, पांच पर मुकदमा दर्ज
शादी का झांसा देकर छह साल में लिए पांच लाख रुपये
गोरखपुर। चौरी चौरा क्षेत्र में सगाई के बाद युवक के दूसरी युवती के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती से शादी का झांसा देकर छह वर्षों में पांच लाख रुपये लेने के आरोप में चौरी चौरा पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नगर पंचायत चौरी चौरा के बाल बुजुर्ग मोहल्ला निवासी ममता विश्वकर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी सगाई एक मार्च 2020 को इसी थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी विकास विश्वकर्मा पुत्र लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा से हुई थी। सगाई के बाद विकास उनके साथ रहकर लगातार भरोसा दिलाता रहा कि शादी उसी से करेगा। इसी दौरान उसने दहेज के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए उनसे कुल पांच लाख रुपये ले लिए।
पीड़िता ने बताया कि दोनों की शादी आठ फरवरी 2026 को तय थी, लेकिन इससे पहले 27 नवंबर 2025 को विकास विश्वकर्मा देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र के नौका टोला निवासी नेहा मझवार को लेकर फरार हो गया। जब इस बात की जानकारी हुई तो वह रुपये और सामान वापस मांगने आरोपित के घर पहुंची।
आरोप है कि वहां विकास की मां ममता विश्वकर्मा, पिता लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा और विशाल विश्वकर्मा ने एकजुट होकर गाली-गलौज की और धमकी देते हुए रुपये व सामान देने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर चौरी चौरा पुलिस ने विकास विश्वकर्मा, नेहा मझवार, ममता विश्वकर्मा, लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा और विशाल विश्वकर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
