Connect with us

गोरखपुर

संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत, श्मशान घाट पर रुका अंतिम संस्कार

Published

on

Loading...
Loading...

बिना सूचना अंतिम संस्कार की तैयारी, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

छत से गिरने का दावा, जलने की भी चर्चा; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा

गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उस समय हड़कंप मच गया, जब परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, खजनी थाना क्षेत्र के खुटभार गांव निवासी संगम यादव की पुत्री की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवती घर की छत से गिर गई थी, जिससे उसकी मृत्यु हुई। वहीं गांव में कुछ लोग युवती के जलने से मौत होने की भी चर्चा कर रहे हैं। विरोधाभासी दावों के चलते मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

बताया जाता है कि युवती की मौत के बाद परिजन बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने डायल-112 पर इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही खजनी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।

Advertisement

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया परिजन छत से गिरने की बात बता रहे हैं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारणों पर कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

थाना प्रभारी निरीक्षक जयंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यदि जांच या पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई। घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page