गोरखपुर
जमीन विवाद में युवक की हत्या, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
स्टे वाली जमीन पर निर्माण का विरोध बना खूनी संघर्ष, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू
गोरखपुर। मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में जमीन विवाद ने बुधवार शाम खूनी रूप ले लिया। गुलरिया थाना क्षेत्र की सरहरी चौकी अंतर्गत टिकरिया गांव निवासी अमरनाथ गुप्ता (पुत्र संत गुप्ता) की धारदार हथियार से किए गए हमले में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, गिरमिट चौराहे के पास स्थित एक भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि उक्त भूमि पर न्यायालय का स्थगन (स्टे) आदेश भी लागू था। इसके बावजूद आरोप है कि बुधवार को विपक्षी पक्ष वहां निर्माण कार्य करा रहा था। मृतक पक्ष का कहना है कि इसकी सूचना पहले ही सरहरी चौकी पुलिस को दी गई थी, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुकवाया गया।
परिजनों के अनुसार, निर्माण कार्य का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के एक व्यक्ति ने अमरनाथ गुप्ता के पेट में धारदार हथियार से हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि हथियार पेट के आर-पार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल अमरनाथ गुप्ता को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि यदि न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद हो रहे निर्माण कार्य को पुलिस समय रहते रुकवा देती, तो यह घटना टाली जा सकती थी। ग्रामीणों ने सरहरी चौकी पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
