Connect with us

वाराणसी

वाराणसी में फिर बढ़ी जेठ की तपिश, तापमान 40 डिग्री पार; अगले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जेठ की गर्मी एक बार फिर अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। मंगलवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही सूर्य की तपिश इतनी तेज रही कि दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आने लगीं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 29 अप्रैल को तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। हालांकि 30 अप्रैल को आई आंधी और बारिश के बाद मौसम में नरमी आई थी और तापमान में करीब दस डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन अब एक बार फिर गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है।

सुबह 9 बजे से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था। धूप की तीव्रता बढ़ने के साथ उमस भी महसूस होने लगी। दोपहर के समय गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। बाजारों और सड़कों पर भीड़ कम दिखाई दी, जबकि लोग गर्मी से बचने के लिए छांव और ठंडे स्थानों का सहारा लेते नजर आए।

मौसम से जुड़ी वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ सकता है। अनुमान है कि इस सप्ताह अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। वहीं 21 मई तक तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। यदि ऐसा होता है तो यह इस सीजन की सबसे भीषण गर्मी साबित हो सकती है।

Advertisement

बीएचयू भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा, जिससे गर्मी के साथ उमस भी लोगों को परेशान करेगी। उन्होंने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। उनका कहना है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

विशेषज्ञों ने लोगों को लू और गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी है। फिलहाल अगले एक-दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page