भदोही
औघड़ नाथ मंदिर में चोरी, दान पेटी से 25 हजार नकद और चांदी की आंख-तिलक गायब
पीतल के आधा दर्जन घंटे भी ले गए चोर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के रामपुर घाट के समीप स्थित औघड़ नाथ मंदिर में रविवार की रात चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। चोर मंदिर की दान पेटी तोड़कर करीब 25 हजार रुपये नकद ले गए। इसके अलावा मूर्ति की चांदी की आंख और माथे का चांदी का तिलक तथा आधा दर्जन पीतल के घंटे भी चोरी कर लिए।
मंदिर के पुजारी पप्पू सिंह के अनुसार रविवार रात चोर मंदिर में घुसे और वहां लगे पीतल के घंटों को काटकर निकाल लिया। इसके बाद मूर्ति की चांदी की आंख और माथे पर लगा चांदी का तिलक भी निकाल लिया गया। चोरों ने मंदिर की दान पेटी तोड़कर उसमें रखी करीब 25 हजार रुपये की नकदी भी उठा ली।
घटना की जानकारी मिलने पर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
