Connect with us

गाजीपुर

तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में 31 हजार 274 लोगों ने कराया उपचार

Published

on

Loading...
Loading...

अंतिम दिन 12,096 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से लिया परामर्श, 410 मरीजों को शल्य चिकित्सा के लिए किया गया रेफर

गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा द्वारा लंका मैदान में आयोजित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का सोमवार को समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन 12,096 लोगों ने देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और परामर्श का लाभ लिया। आयोजकों के अनुसार तीन दिनों में कुल 31,274 लाभार्थियों ने विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि 410 लोगों को शल्य चिकित्सा के लिए रेफर किया गया।

एक ही स्थान पर मिली विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा

जनपदवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। परिसर में करीब 12 पंजीकरण काउंटरों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रही। पंजीकरण के बाद चिकित्सकीय परामर्श, दवा के लिए पर्ची बनाने तथा रक्तचाप और शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए दो दर्जन से अधिक काउंटर बनाए गए थे।

इसके बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा विभागों में भेजकर परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।

Advertisement

कई रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, सामान्य चिकित्सा, तंत्रिका रोग, अस्थि एवं जोड़ रोग, हार्मोन एवं मधुमेह, पाचन तंत्र, नेत्र, कान-नाक-गला, दंत चिकित्सा, मूत्र रोग, त्वचा रोग, हृदय और श्वसन रोग समेत विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं।

चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार, दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। आवश्यकता के अनुसार हड्डी, नाक-कान-गला और नेत्र संबंधी शल्य चिकित्सा के लिए भी मरीजों को रेफर किया गया।

हजारों स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था

तीन दिनों तक चले शिविर को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में हजारों स्वयंसेवकों और वालंटियर्स ने सहयोग किया। पंजीकरण से लेकर मरीजों को संबंधित चिकित्सा विभाग तक पहुंचाने, चिकित्सकों से परामर्श कराने और दवा वितरण तक स्वयंसेवकों की भूमिका रही। नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी टीम, चिकित्सा कर्मियों, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी आयोजन में सहयोग किया।

Advertisement

अभिनव सिन्हा ने जताया आभार

समापन अवसर पर आयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अभिनव सिन्हा ने कहा कि गाजीपुर की जनता को देश के प्रतिष्ठित चिकित्सकों की विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध कराना शिविर का उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि तीन दिनों में 31 हजार से अधिक लोगों का चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेना जनसहभागिता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी था। उन्होंने चिकित्सकों, चिकित्सा संस्थानों, स्वयंसेवकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी टीम, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिस प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय और पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। शिविर के समापन पर सेवा से जुड़े कार्यकर्ताओं और सहयोगियों में उत्साह देखने को मिला।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page