भदोही
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
नौ सूत्रीय ज्ञापन राष्ट्रपति को संबोधित कर सौंपा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की उठाई मांग
ज्ञानपुर। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च किया और जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी के हाथ में रखा पिंजरा आकर्षण का केंद्र रहा। कांग्रेस की ओर से किए गए प्रतीकात्मक प्रदर्शन में पिंजरे के बाहर भाजपा कार्यालय का चित्र और अंदर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर लगाई गई थी। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया।
ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा समेत नौ मांगें रखी गईं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं भदोही प्रभारी दयाशंकर पांडेय ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की भूमिका को लेकर उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों की स्वतंत्र जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर अपना विरोध दर्ज करा रही है। उन्होंने कहा कि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं होने पर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक करेगी।
ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक चित्र का दहन कर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे ‘राजन’, माबूद खान, पंडित दीनानाथ दूबे, सुरेश चंद्र मिश्रा, राजेश्वर दूबे, सुरेश गौतम, त्रिलोकी नाथ बिंद, मुसीर इकबाल, सुरेश उपाध्याय, राजेश पांडेय, संजीव दूबे, अवधेश पाठक, सुरेश चौहान, रमाशंकर बिंद, अजय प्रजापति, महेश चंद मिश्रा, शिव पूजन मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद मौर्या, नाजिम अली, उपेंद्र कुमार भारती, संजय जायसवाल, गुलजारी उपाध्याय, शक्ति मिश्रा, शमसीर अहमद, सरफराज अहमद, जज लाल राय, अनीश शेख, राकेश पाल, सुमित शुक्ला, चिंटू बंसीधर शुक्ला, कमलेश शुक्ला, ज्ञानी गौतम, विशाल गौतम, धीरज पाल, नितिन सिंह, राजकुमार गौतम, रामू गौतम, राम सजीवन गौतम, मखौइलाल बिंद, भगवान दास बिंद, मुनेंद्र बिंद, राम बाबू गुप्ता, मीना देवी, संतोष पाल, राजेश पाल, बिमलेश पाल, महेंद्र यादव, करण मौर्या, अलाउद्दीन, राजेश सरोज, संदीप गौतम, परवेश हाशमी, राजनाथ यादव, गुलाबधर प्रजापति और मुलायम यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
