गाजीपुर
पितृपक्ष में गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने किया तर्पण-पिंडदान, वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ माहौल
जमानिया (गाजीपुर)। पितृपक्ष के अवसर पर जमानिया नगर स्थित गंगा घाटों पर अपने पूर्वजों और पितरों का तर्पण एवं पिंडदान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचकर अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना कर रहे हैं।

गंगा स्नान के बाद किया तर्पण-पिंडदान
गंगा घाट की सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में स्नान कर आचार्यों और पुरोहितों के सानिध्य में विधि-विधान से तर्पण और पिंडदान किया। तिल, जौ और कुशा से जलांजलि अर्पित कर श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों का स्मरण किया। पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्राद्ध कर्म संपन्न कराया गया।
श्रद्धालुओं ने कराया मुंडन संस्कार
पितृपक्ष के दौरान कई श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर मुंडन संस्कार भी कराया। इसके बाद विधि-विधान से अपने पूर्वजों का स्मरण करते हुए तर्पण और पिंडदान किया। सुबह से ही घाटों पर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे, जिससे गंगा तट पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
दूर-दराज से पहुंच रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार पितृपक्ष के दौरान जमानिया नगर के विभिन्न गंगा घाटों पर दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लोग अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता प्रकट करने के लिए तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म कर रहे हैं।
घाटों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से मां गंगा की सेवा, स्वच्छता बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की जा रही है। श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के कारण पूरे दिन गंगा घाटों पर धार्मिक एवं भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
