गाजीपुर
शिक्षक छात्रों के प्रेरणास्रोत होते हैं : प्रो. राकेश कुमार सिंह
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के नवागत कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह का अभिनंदन समारोह राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश की विश्वविद्यालय इकाई की ओर से डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित किया गया। समारोह में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह का अंगवस्त्रम, मिथिला की पारंपरिक पगड़ी (पाग) एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक छात्रों के प्रेरणास्रोत होते हैं। छात्रों को योग्य नागरिक बनाना शिक्षकों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की आत्मा छात्र हैं। बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने के लिए छात्रों को सूचना प्रौद्योगिकी से निरंतर जुड़ना होगा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का सही प्रयोग सीखना होगा। उन्होंने छात्रों की समयबद्ध पढ़ाई, परीक्षा तथा त्रुटिरहित परिणाम को अपनी प्राथमिकता बताया।
कुलपति ने राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से दिए गए सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर उनके क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की। समारोह में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह का भी अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
प्रो. अल्केश्वरी सिंह, प्राचार्या बयालसी डिग्री कॉलेज, जौनपुर ने कुलपति एवं आमंत्रित प्राध्यापकों का स्वागत किया। वहीं प्रो. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, प्राचार्य पीजी कॉलेज, गाजीपुर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. नलिन कुमार मिश्र, प्रो. राकेश कुमार पाण्डेय, प्रो. अजय कुमार दूबे, प्रो. पुष्पा सिंह, प्रो. सुरेश कुमार पाठक, प्रो. सुधाकर सिंह, डॉ. जगत कुमार सिंह, प्रो. माया सिंह, प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. श्रवण कुमार शुक्ल सहित बड़ी संख्या में शैक्षिक महासंघ के प्राध्यापक उपस्थित रहे।
