Connect with us

वाराणसी

वाराणसी की लेडी ठग सोनीपत से गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। धोखाधड़ी, ठगी और जालसाजी जैसे संगीन मामलों में वांछित चल रही वाराणसी की एक महिला आरोपी को चौक थाना पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी थाना कुंडली क्षेत्र स्थित टीडीआई मॉल के करीम रेस्टोरेंट से की गई।

गिरफ्तार महिला की पहचान रिचा भार्गव पत्नी शरद भार्गव, निवासी नारायण कटरा नीचीबाग थाना चौक, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रिचा भार्गव के खिलाफ लंका, चेतगंज और चौक थानों में विभिन्न धाराओं में कुल आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक घनश्याम प्रसाद चौधरी द्वारा भी आरोपी महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप है कि व्यवसायिक लेनदेन के दौरान लगभग 35 लाख रुपये के कागज का माल लेने के बाद भुगतान किए बिना आरोपी महिला वाराणसी से फरार हो गई थी।

मामला संज्ञान में आते ही चौकी प्रभारी ब्रह्मनाल अभिषेक कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने हरियाणा के जनपद सोनीपत में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित घनश्याम प्रसाद चौधरी ने 24 नवंबर को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि शर्थक वाणिज्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कागजों के थोक व्यापार से जुड़ी एक प्रतिष्ठित फर्म है। इस फर्म से रिचा भार्गव एवं शरद भार्गव ने अपनी विभिन्न फर्मों के माध्यम से व्यापार किया। इनका पंजीकृत कार्यालय नीचीबाग थाना चौक क्षेत्र में स्थित है।

Advertisement

व्यापार के दौरान दोनों आरोपियों ने पीड़ित फर्म का विश्वास जीत लिया और बाद में व्यापारिक लेनदेन में कुल 35 लाख रुपये का बकाया कर लिया। जब भी बकाया राशि की मांग की गई, तो दोनों आरोपी बाद में भुगतान करने का आश्वासन देकर टालते रहे। पीड़ित फर्म की राशि किसी भी प्रकार से अदा नहीं की गई।

इसके बाद पीड़ित को जानकारी हुई कि रिचा भार्गव और शरद भार्गव अचानक अपने सभी कार्यालयों और आवासों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं। दूरभाष के माध्यम से भी उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। आरोप है कि दंपती ने पीड़ित फर्म के साथ धोखाधड़ी करते हुए लगभग 35 लाख रुपये का माल हड़प लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के पति शरद भार्गव को लंका थाना पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page