गोरखपुर
वर्षों पुराने रास्ते के विवाद पर प्रशासन सख्त, तहसीलदार ने किया स्थलीय निरीक्षण
पुलिस-राजस्व टीम ने दोनों पक्षों की सुनी बात, निष्पक्ष समाधान का दिया भरोसा
गोरखपुर (गोला बाजार)। गोला तहसील क्षेत्र के ग्राम लमतिया में वर्षों से चले आ रहे रास्ते के विवाद के समाधान के लिए शनिवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार बालचंद चौहान और प्रभारी निरीक्षक सी.पी. पांडेय ने पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ विवादित स्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों की बात सुनी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों का अवलोकन किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी तथा पूरे मामले का समाधान नियमानुसार और निष्पक्ष तरीके से किया जाएगा।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ है, जिससे गांव के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।
इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
