Connect with us

गोरखपुर

बरसात में तालाब बनी सड़क, पानी में उतरकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

सहजनवा के वार्ड-2 बोकटा में जर्जर खड़ंजा मार्ग से आवागमन ठप, मरम्मत न होने पर आंदोलन की चेतावनी

गोरखपुर। नगर पंचायत सहजनवा के वार्ड संख्या-2 बोकटा में बरसात के साथ ही विकास कार्यों की पोल खुल गई। सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर जलभराव और बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने घुटनों तक भरे पानी में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, नगर पंचायत द्वारा निर्मित यह सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग करीब एक दर्जन परिवारों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। वर्षों से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क लगभग दो फीट तक धंस चुकी है। हल्की बारिश होते ही पूरा मार्ग पानी और कीचड़ से भर जाता है, जिससे लोगों को घुटनों तक पानी में होकर गुजरना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत तथा जल निकासी की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।

आक्रोशित ग्रामीणों ने पानी से भरी सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया तो नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।

Advertisement

इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सूर्यकांत ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। संबंधित कर्मचारियों को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद क्षतिग्रस्त खड़ंजा मार्ग की मरम्मत और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रदर्शन में गोलू राय, सुनीता यादव, ओम प्रकाश यादव, विवेक यादव, पूनम यादव, कमलेश साहनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page