गोरखपुर
वायरल वीडियो के 24 घंटे बाद विवाहिता की मौत, पति और सास पर जहर देने का आरोप
मृतका के बयान वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, परिजनों की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर (गोला बाजार)। सोशल मीडिया पर ससुराल पक्ष पर जहर देकर मारने का आरोप लगाने वाला वीडियो वायरल होने के करीब 24 घंटे बाद एक विवाहिता की मौत हो गई। वीडियो में महिला ने अपने पति और सास पर मारपीट करने तथा जबरन जहर देने का आरोप लगाया था। मौत के बाद परिजनों ने गोला थाने में तहरीर देकर दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वायरल वीडियो में विवाहिता ने कहा था कि उसकी सास उसके साथ मारपीट करती थी और पति ने उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया। उसने बताया था कि पहले उसका इलाज गोरखपुर में कराया गया, बाद में पिता उसे आजमगढ़ ले गए, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ।

परिजनों के अनुसार, महिला की हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 जुलाई की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतका की मां जहरूननिशा, निवासी ग्राम कादीपुर, थाना रौनापार (जनपद आजमगढ़), ने गोला पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री तराना बानो की शादी गोला नगर पंचायत की टीचर कॉलोनी निवासी नाजिम अली से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं।
तहरीर के अनुसार, 27 जून को पति और सास ने तराना बानो के साथ मारपीट की और कथित रूप से जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर पहले बड़हलगंज और गोरखपुर में उपचार कराया गया। बाद में मायके वाले उसे आजमगढ़ ले गए और फिर इलाज के लिए लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि मृतका का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसमें उसने स्वयं पति और सास पर जहर देने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
