गोरखपुर
पहले ही प्रयास में NEET-UG फतह, प्रवीण तिवारी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
676 अंक और ऑल इंडिया रैंक 613 हासिल कर डॉक्टर बनने के सपने की ओर बढ़ाया कदम
गोरखपुर (बेलघाट/गोला बाजार)। विकासखंड बेलघाट की ग्राम पंचायत बईली खुर्द निवासी प्रवीण तिवारी ने पहले ही प्रयास में NEET-UG परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने 676 अंक प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय रैंक (AIR) 613 हासिल की है। उनकी इस सफलता से परिवार, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
प्रवीण तिवारी ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक कुशल चिकित्सक बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उनका मानना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी से मेहनत की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है।
प्रवीण के पिता अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि बेटे ने शुरू से ही पढ़ाई को गंभीरता से लिया और लगातार मेहनत की। परिवार ने हर कदम पर उसका उत्साह बढ़ाया और बेहतर माहौल उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि बेटे की उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है।
प्रवीण की इस शानदार सफलता पर ग्राम पंचायत बईली खुर्द, विकासखंड बेलघाट और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
