शिक्षा
वजीफे के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 जनवरी तक
देवरिया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अन्य दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना (कक्षा 11-12 को छोड़कर) की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अविनाश मणि त्रिपाठी ने बताया कि शासनादेश एवं निदेशालय के निर्देशों के क्रम में नई तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसके तहत शिक्षण संस्थाएं दो जनवरी तक मास्टर डाटा तैयार करेंगी। इसके बाद नौ जनवरी तक विश्वविद्यालय स्तर पर शुल्क सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
छात्र-छात्राएं 14 जनवरी तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे, जबकि 21 जनवरी तक आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद शिक्षण संस्थाओं की ओर से आवेदन का ऑनलाइन अग्रसारण एवं सत्यापन 27 जनवरी तक किया जाएगा। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा का पालन करना अनिवार्य है।
