Connect with us

गाजीपुर

लंगूर के पोस्टर से बंदरों पर लगाम!

Published

on

Loading...
Loading...

नंदगंज में अनोखा उपाय बना चर्चा का विषय, वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग

नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज बाजार में बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान एक परिवार ने उनसे बचाव के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। मकान की छत पर लंगूर का पोस्टर लगाने के बाद बंदरों की आवाजाही कम होने का दावा किया जा रहा है। यह प्रयोग अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बाजार निवासी फहीम अख्तर ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से बंदरों का झुंड रोजाना उनके घर में घुस आता था। बंदर फ्रिज खोलने का प्रयास करते, रसोई में रखे फल, सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री उठा ले जाते थे। कई बार घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त कर चुके हैं, जिससे परिवार लगातार भय और परेशानी में जी रहा था।

फहीम ने बताया कि उन्होंने कई बार वन विभाग से शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने इंटरनेट पर जानकारी जुटाई और लंगूर का पोस्टर मंगवाकर घर की छत की रेलिंग पर लगा दिया। उनका दावा है कि पोस्टर लगने के बाद बंदरों के झुंड अब घर के पास आने के बजाय दूर से ही लौट जाते हैं और उनकी गतिविधियों में काफी कमी आई है।

फहीम का यह प्रयोग अब बाजार में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया है। कई लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं और बंदरों से बचाव का दिलचस्प उपाय बता रहे हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि यह केवल अस्थायी समाधान हो सकता है। उन्होंने वन विभाग से बंदरों के बढ़ते आतंक से स्थायी राहत दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page