भदोही
बार-बार बिजली कटौती से गोपीगंज के लोग परेशान
गोपीगंज (भदोही)। नगर में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। शुक्रवार को पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल माबूद खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड गोपीगंज के उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की।
शाम से रात तक बार-बार ट्रिपिंग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि शाम होते ही बिजली पांच से 10 और कई बार 20 मिनट के अंतराल पर बंद हो जाती है। कुछ ही देर बाद आपूर्ति बहाल होती है और फिर कट जाती है। आरोप है कि यह सिलसिला शाम से रात करीब 11 बजे तक चलता रहता है।
पढ़ाई और उपकरण हो रहे प्रभावित
बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार इससे विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। रात में आपूर्ति बाधित होने से छोटे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
शीघ्र समाधान की मांग
ज्ञापन के माध्यम से विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आम लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
ये लोग रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल माबूद खान, एजाज अली, आरिफ अंसारी, नागेश अग्रहरि समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
