गोरखपुर
मोबाइल छीनकर भाग रहे दो बदमाशों को डायल-112 ने दबोचा
वारदात के कुछ ही मिनटों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, छीना गया मोबाइल और बाइक बरामद
पीपीगंज क्षेत्र में युवती से हुई थी छिनैती, दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम युवती से मोबाइल छीनकर फरार हुए दो शातिर बदमाशों को डायल-112 की पीआरवी टीम ने महज कुछ ही मिनटों में करीब पांच किलोमीटर तक पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे एक युवती अपने भाई के साथ अलग-अलग साइकिल से सब्जी खरीदने बाजार जा रही थी। युवती के हाथ में मोबाइल फोन था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया और तेज गति से फरार हो गए। घटना के बाद युवती ने शोर मचाया।
संयोगवश उसी समय क्षेत्र में गश्त कर रही डायल-112 की पीआरवी-7327 मौके पर पहुंच गई। पीड़िता से सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात आरक्षी इन्द्रजीत कुमार और चालक होमगार्ड रविन्द्र कुमार मिश्रा ने तत्काल बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
करीब पांच किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिन्स सिंह उर्फ श्रीकेत, पुत्र विनोद सिंह, निवासी उसका, थाना चिलुआताल तथा अरशद, पुत्र शराफत, निवासी डोहरिया बाजार, थाना चिलुआताल, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पीपीगंज थाने में छिनैती का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई के लिए डायल-112 पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सक्रियता से अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होता है।
