गोरखपुर
जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, एक की हत्या; पांच आरोपी गिरफ्तार
टिकरिया जंगल गांव में धारदार हथियारों से हमला, महिला गंभीर घायल; पुलिस ने चाकू और डंडा किया बरामद
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, गुलरिहा पुलिस ने घंटों में आरोपियों को दबोचा
गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के टिकरिया जंगल गांव में गुरुवार को जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू और एक डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वादी की तहरीर पर आरोप है कि गांव के ही अवधेश, सूरज चौहान, शैलेष जायसवाल, भाने चौहान और मुग्गन प्रसाद चौहान ने पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर एकराय होकर उसके माता-पिता पर हमला कर दिया। गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने धारदार हथियार, सब्बल, भाला तथा अन्य हथियारों से हमला किया। हमले में वादी के पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जे.पी. पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी टिकरिया जंगल गांव, थाना गुलरिहा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू और एक डंडा बरामद किया है। इस संबंध में थाना गुलरिहा पर मुकदमा अपराध संख्या 550/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना के बाद टिकरिया जंगल गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
