वाराणसी
मिर्जामुराद में स्कूल के लिए निकले दो छात्र लापता, पुलिस जांच में जुटी
स्कूल पहुंचने से पहले ही गायब हुए सूरज यादव और प्रभाकर पटेल, परिजनों ने थाने में दी तहरीर
मिर्जामुराद। थाना क्षेत्र के डंगहरिया गांव निवासी हाईस्कूल के दो छात्र गुरुवार को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकले, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, डंगहरिया गांव निवासी छात्र सूरज यादव और प्रभाकर पटेल गुरुवार को घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब दोनों छात्र घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजन स्कूल पहुंचकर जानकारी लेने गए तो पता चला कि दोनों छात्र उस दिन स्कूल पहुंचे ही नहीं थे।
इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर दोनों छात्रों की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार परिजन मिर्जामुराद थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर देकर दोनों छात्रों को तलाश करने की मांग की।
पुलिस छात्रों के स्कूल जाने वाले रास्ते, उनके परिचितों और अन्य संभावित स्थानों की जानकारी जुटाते हुए तलाश में जुट गई है।
