वाराणसी
बीएलडब्ल्यू परिसर में महापौर ने रोपे 101 पौधे
शहर में 25 हजार पौधरोपण का लक्ष्य
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधों की जियो ट्रैकिंग और देखभाल के लिए बनाए जा रहे ‘पालक’
वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने इस मानसून शहर में 25 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान की कड़ी में शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे रोपे।

महापौर ने नीम, पीपल, गुलमोहर और पकड़ समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर अभियान की शुरुआत की। नगर निगम के अनुसार, बीएलडब्ल्यू परिसर में अगले दस दिनों के भीतर कुल दो हजार पौधे लगाए जाएंगे।

नगर निगम पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष जोर दे रहा है। पौधों की सुरक्षा और बेहतर विकास के लिए ट्री-गार्ड लगाए जा रहे हैं तथा पहले से गड्ढे तैयार कराए जा रहे हैं। रोपे गए पौधों की जियो ट्रैकिंग भी की जाएगी। साथ ही स्थानीय नागरिकों को पौधों का ‘पालक’ बनाकर उनकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
पौधरोपण कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह समेत पार्षद सुरेश पटेल, रविंद्र सिंह, मदन मोहन तिवारी, अजय बिंद, अमित सिंह चिंटू, श्याम भूषण शर्मा, महेंद्र पटेल, गोपाल पटेल, अतुल पांडेय और कल्लू पहलवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान संयुक्त नगर आयुक्त एवं उद्यान प्रभारी कृष्ण चंद्र सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
