भदोही
भदोही में ‘मिशन सेफ फ्यूचर-2’ के तहत स्कूली वाहनों की सघन जांच, दो का चालान
35 वाहनों की हुई जांच, फिटनेस और परमिट फेल मिलने पर कार्रवाई; एआरटीओ ने सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में सड़क सुरक्षा और विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप संभागीय परिवहन कार्यालय भदोही ने ‘मिशन सेफ फ्यूचर-2’ के अंतर्गत विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 35 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिसमें मानकों का अनुपालन न करने पर दो वाहनों का चालान किया गया।
जांच में एक वाहन का फिटनेस प्रमाण-पत्र फेल और एक वाहन का परमिट फेल पाया गया। इसके साथ ही वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को सड़क सुरक्षा नियमों तथा विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया गया।
परिवहन विभाग ने स्कूल बसों और निजी बसों के वाहन स्वामियों को दूरभाष के माध्यम से निर्देशित किया कि वे अपने वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन एवं पूर्ण रखें।
विभाग ने चेतावनी दी कि भविष्य में बिना पूर्ण अभिलेखों के कोई विद्यालयी वाहन सड़क पर संचालित पाया गया तो उसके खिलाफ चालान, वाहन बंद करने और पंजीयन निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) राम सिंह ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन स्वामियों से अपील की कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी वाहनों का संचालन निर्धारित मानकों और सड़क सुरक्षा नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करें।
