भदोही
भदोही में कस्तूरबा और परिषदीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण
डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने परखी पठन-पाठन व मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था, व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर जनपद के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और परिषदीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा छात्राओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना था।
डीएम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय नारायण सिंह ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ज्ञानपुर, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) अरुण दीक्षित ने डीघ, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) भान सिंह ने सुरियावां, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) भदोही श्याम कुमार ने भदोही तथा उप जिलाधिकारी औराई शिवेंद्र वर्मा ने औराई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया।
इसी क्रम में विभिन्न खंड विकास अधिकारियों ने जनपद के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पठन-पाठन, साफ-सफाई, मेस व छात्रावास व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, फर्नीचर, भवनों की स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं की गहनता से जांच की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाएं संतोषजनक और सुव्यवस्थित पाई गईं। संबंधित अधिकारियों ने विद्यालय प्रशासन को व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने और आवश्यकतानुसार उनमें सुधार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन के साथ विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए।
